जब भी हेल्थ और फिटनेस की बात आती है, तो हममें से ज्यादातर लोग महंगे विदेशी फूड्स जैसे ब्लूबेरी के पीछे भागने लगते हैं, भले ही वो जेब पर कितने भी भारी पड़ें। लेकिन हम अपने देश के उन देसी सुपरफूड्स को भूल जाते हैं जो सस्ते भी हैं और आसानी से मिल भी जाते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट लीमा महाजन के मुताबिक, अगर करौंदे की भी ब्लूबेरी की तरह तगड़ी मार्केटिंग की गई होती, तो आज ये इतना सस्ता नहीं मिलता। इसमें ब्लूबेरी से भी कहीं ज्यादा न्यूट्रिशन छिपा है।
न्यूट्रिशन का पावरहाउस है यह छोटा सा फल
यह फल भले ही छोटा और कम आंका जाता हो, लेकिन इसके फायदे बड़े-बड़े हैं। करौंदे में फेनोलिक एसिड, फ्लेवोनोइड्स और एंथोसायनिन जैसे कमाल के कंपाउंड्स होते हैं। यह खाने के बाद आपके ब्लड शुगर लेवल को स्पाइक होने से रोकता है, हार्ट और लिवर को बिल्कुल फिट रखता है, और आपकी स्किन को लंबे समय तक यंग बनाए रखता है। इसके अलावा, इसमें मौजूद फाइबर और पेक्टिन आपके डाइजेशन को एकदम सेट रखते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें भरपूर आयरन और विटामिन सी होता है, जिससे शरीर में खून की कमी नहीं होती।
डाइट में कैसे करें शामिल?
जुलाई से सितंबर के बीच मिलने वाले इस मौसमी फल का फायदा उठाने का सबसे बेस्ट तरीका है इसकी चटपटी चटनी। इसे बनाना बेहद आसान है। बस करौंदा, प्याज, लहसुन, हरी या सूखी लाल मिर्च, साबुत धनिया, जीरा और नमक को एक साथ ब्लेंडर में पीस लें। आपकी टेस्टी और हेल्दी देसी चटनी तैयार है, जिसे आप अपने रोज के खाने के साथ एन्जॉय कर सकते हैं।