केरल विधानसभा में पहली बार तीन सीटें जीतने वाली भाजपा, स्पीकर पद के चुनाव में अपना उम्मीदवार उतारेगी। राज्य पार्टी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने गुरुवार को यह बात कही। उन्होंने यहां पत्रकारों को बताया कि पार्टी ने कोल्लम जिले की चथनूर सीट से नव निर्वाचित विधायक बी बी गोपाकुमार को इस पद के लिए उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है। स्पीकर पद के लिए चुनाव शुक्रवार को होंगे। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने वरिष्ठ नेता थिरुवनचूर राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि विपक्षी एलडीएफ ने अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।
राज्य विधानसभा में भाजपा के तीन विधायक गोपाकुमार, वी मुरलीधरन और स्वयं चंद्रशेखर हैं। चंद्रशेखर ने कहा कि केरल की राजनीति के इतिहास में पहली बार इस पद के लिए भाजपा का उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा। गोपाकुमार भाजपा के उम्मीदवार होंगे। उनका नाम मैं और मुरलीधरन प्रस्तावित करेंगे। चंद्रशेखर अक्सर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत एलडीएफ और कांग्रेस नीत यूडीएफ पर केरल में मिलीभगत की राजनीति करने का आरोप लगाते रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि अब तक राज्य विधानसभा में कोई असली विपक्षी विधायक नहीं था। विधायक के रूप में शपथ लेने के लिए विधानसभा जाते समय उन्होंने कहा कि यह सब बदलने के लिए हम तीनों विधायक आज शपथ ले रहे हैं और आज से अपना काम शुरू कर रहे हैं। शपथ ग्रहण से पहले भाजपा के तीनों विधायकों ने यहां पलायम शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।
देशभर की राजनीति, ताज़ा घटनाओं और बड़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ें
National News in Hindi केवल प्रभासाक्षी पर।