बॉलीवुड सुपरस्टार गोविंदा अपनी पत्नी सुनीता आहूजा के हालिया बयानों के कारण चर्चा में हैं। सुनीता ने एक इंटरव्यू में एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की ओर इशारा किया था, जिसके बाद अब गोविंदा ने इन दावों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
गोविंदा ने कहा, सुनीता मेरा बचपन का प्यार है
एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में गोविंदा ने बड़े ही शांत अंदाज में कहा कि उन पर इस तरह के आरोप कोई नई बात नहीं हैं। उन्होंने अपनी पत्नी के बारे में बात करते हुए कहा, 'जो आरोप लगा रहा है, वह मेरे बचपन का प्यार है।' उन्होंने मजाकिया लहजे में यह भी जोड़ा कि प्यार के मामले में चीजें हमेशा उनके हिसाब से नहीं चलीं और अब जिसे प्यार समझा जा रहा है, वह केवल बढ़ती उम्र का एक हिस्सा है।
को-एक्ट्रेस के साथ प्रोफेशनलिज्म पर दी सफाई
अपने करियर और व्यवहार पर बात करते हुए गोविंदा ने कहा कि उन्होंने कई बड़ी सुपरस्टार्स और मिस यूनिवर्स जैसी अभिनेत्रियों के साथ काम किया है, लेकिन कभी किसी के साथ बुरा बर्ताव नहीं किया। उन्होंने स्पष्ट किया, 'मेरी एक भी हीरोइन यह नहीं कह सकती कि मैंने उन्हें कभी परेशान किया या उनके बारे में बुरा कहा।' उन्होंने अपनी फिल्मों की सफलता का श्रेय अपने निर्देशकों, संगीत और अपनी को-एक्ट्रेस को दिया।
नए कलाकारों से मांगी माफी
गोविंदा इस बात को लेकर चिंतित दिखे कि इन विवादों का असर उनके काम पर न पड़े। उन्होंने नए कलाकारों से माफी मांगते हुए कहा कि वे नहीं चाहते कि कोई भी उनके साथ काम करने से डरे या उनके प्रोडक्शन में काम करने से कतराए। उन्होंने कहा कि वह सभी के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं और अपनी छवि को साफ रखना चाहते हैं।
'कोमल' नाम पर क्या बोले गोविंदा?
सुनीता आहूजा ने अपने इंटरव्यू में 'कोमल' नाम की एक लड़की का जिक्र किया था और कहा था कि उन्हें उस नाम से नफरत है। इस पर जवाब देते हुए गोविंदा ने कहा कि वह उस लड़की के शुक्रगुजार हैं कि वह चुप रही और उसने कुछ नहीं कहा, वरना आज के दौर में बात बहुत बढ़ सकती थी। बता दें कि सुनीता ने कहा था कि अगर उन्हें अफेयर का पुख्ता सबूत मिलता तो वह गोविंदा को कभी माफ नहीं करतीं।