बेंगलुरु से शनिवार को एक बेहद हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के डिलीवरी एजेंट पर उसके घर में जबरन घुसने और उसके सामने अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने जब सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपनी आपबीती सुनाई, तो बेंगलुरु पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मना करने के बाद भी घर में घुसा आरोपी
पीड़ित महिला के मुताबिक, घटना के वक्त वह अपने फ्लैट में अकेली थी, तभी एक डिलीवरी एजेंट उनका पार्सल देने आया। पार्सल देने के बाद उसने महिला से वॉशरुम इस्तेमाल करने की इजाजत मांगी। महिला ने वीडियो में बताया, "मैंने बहुत शालीनता से कई बार मना किया और साफ कहा कि मैं अनजान लोगों को घर के अंदर नहीं आने देती। मैंने उसे पड़ोस के पुरुषों से मदद मांगने को भी कहा। लेकिन वह नहीं माना, उसने अपनी चप्पलें उतारीं और मेरी मर्जी के खिलाफ जबरन मेरे घर में घुस गया।"
वॉशरुम से बाहर आकर की गंदी हरकत
महिला ने आरोप लगाया कि जब वह व्यक्ति वॉशरुम से बाहर आया, तो उसने महिला के सामने अश्लील हरकत की। महिला ने कहा कि इस घटना से वे पूरी तरह सदमे में आ गईं। उन्होंने कहा कि एक महिला के ना कहने का मतलब ना होता है और किसी को भी उसकी सीमाओं को लांघने का हक नहीं है।
आरोपी की हुई पहचान
महिला की सोशल मीडिया पोस्ट को देखते ही बेंगलुरु पुलिस ने तुरंत उनसे संपर्क किया। महिला की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया, जिसकी पहचान विजय मल्लिकार्जुन कामत के रूप में हुई है।
फ्लिपकार्ट ने आरोपी को नौकरी से निकाला
इस गंभीर घटना के सामने आने के बाद फ्लिपकार्ट कंपनी ने भी अपना आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने कहा, "हम इस घटना से बेहद आहत हैं और पीड़ित ग्राहक की पूरी मदद कर रहे हैं। हमारे लिए ग्राहकों की सुरक्षा सबसे ऊपर है और इससे कोई समझौता नहीं किया जा सकता। मामला सामने आते ही हमने तुरंत उस डिलीवरी पार्टनर को काम से हटा दिया है। हम पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।"
कंपनी ने यह भी साफ किया कि काम पर रखने से पहले सभी डिलीवरी पार्टनर्स का बैकग्राउंड वेरिफिकेशन कराया जाता है और उन्हें ट्रेनिंग दी जाती है। इस घटना के बाद कंपनी अपने सुरक्षा नियमों को और ज्यादा मजबूत करने के लिए उनकी समीक्षा कर रही है।