फुटबॉल की दुनिया में एक बड़ा और दिलचस्प बदलाव देखने को मिला है। अर्जेंटीना के दिग्गज खिलाड़ी और बार्सिलोना के पूर्व कप्तान लियोनेल मेसी अब स्पेन के एक क्लब के मालिक बन गए हैं। बता दें कि मेसी ने स्पेन के क्लब कॉर्नेला का अधिग्रहण पूरा कर लिया है, जो फिलहाल निचली लीग में खेल रहा है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, इस कदम के जरिए मेसी ने बार्सिलोना शहर और कैटालोनिया क्षेत्र से अपने गहरे जुड़ाव को और मजबूत किया है। गौरतलब है कि बार्सिलोना के साथ लंबे समय तक खेलने वाले मेसी का इस इलाके से भावनात्मक रिश्ता रहा है, और अब वह यहां खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर भी ध्यान देंगे।
साल 1951 में स्थापित कॉर्नेला क्लब को कैटालोनिया फुटबॉल का एक पारंपरिक और मजबूत आधार माना जाता है। यह क्लब खास तौर पर अपने युवा खिलाड़ियों को तैयार करने की क्षमता के लिए जाना जाता है। बता दें कि इस क्लब से कई ऐसे खिलाड़ी निकले हैं जिन्होंने आगे चलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।
इन खिलाड़ियों में जोर्डी अल्बा, जेरार्ड मार्टिन और जावी पुआडो जैसे नाम शामिल हैं, जिन्होंने बड़े क्लबों में अपनी जगह बनाई है। इसके अलावा डेविड राया और कीटा बाल्डे जैसे खिलाड़ी भी इस क्लब से जुड़े रहे हैं। यह दिखाता है कि क्लब की युवा विकास प्रणाली कितनी मजबूत रही है।
मेसी के इस टेकओवर के बाद क्लब के लिए एक नया दौर शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। मौजूद जानकारी के अनुसार, इस प्रोजेक्ट का मकसद क्लब की खेल और संस्थागत संरचना को मजबूत करना, स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाना और लंबी अवधि में स्थिर विकास सुनिश्चित करना है। गौरतलब है कि इसमें संतुलित रणनीति, स्थानीय पहचान और प्रतिस्पर्धी सोच को साथ लेकर आगे बढ़ने की योजना बनाई गई है।
फिलहाल कॉर्नेला टीम अपनी लीग में प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है और प्रमोशन के लिए संघर्ष कर रही है। ऐसे में मेसी की एंट्री क्लब के लिए एक बड़ा मनोबल बढ़ाने वाला कदम मानी जा रही है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि मेसी के नेतृत्व में यह क्लब किस दिशा में आगे बढ़ता है और युवा खिलाड़ियों के लिए कितने नए मौके तैयार करता है।