आजकल लोग मीठा खाना कम ही पसंद करते हैं। लेकिन सामने जब चाशनी लबालब भरी इमरती खाने के मिल जाए, तो भला किसके मुंह में पानी न आए? वैसे तो जलेबी मैदा से बनती है, दूसरी तरफ इमरती को उड़द की दाल से बनाया जाता है। इसी कारण से इसका स्वाद काफी लाजवाब होता है।
ज्यादातर लोग यही सोचते हैं कि हलवाई जैसी कुरकुरी इमरती घर पर बनाना कापी मुश्किल है और यह सही से बनेंगी नहीं। लेकिन आप कुछ सीक्रेट्स को फॉलो करके घर पर ही आसानी रस भरी इमरती बना सकते हैं। आइए आपको बताते हैं हलवाई स्टाइल इमरती की स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी।
सामग्री
-धुली उड़द दाल: 1 कप (कम से कम 4-5 घंटे या रात भर भीगी हुई)
-चीनी: 2 कप (चाशनी के लिए)
-पानी: 1 कप
-कॉर्नफ्लोर या अरारोट: 2 छोटे चम्मच (इससे इमरती एकदम कुरकुरी बनेगी)
-ऑरेंज फूड कलर: एक चुटकी (हलवाई जैसा रंग देने के लिए)
-इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच
-तलने के लिए: घी या रिफाइंड तेल
इमरती बनाने के लिए स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी
- भीगी हुई उड़द दाल का पूरा पानी निकाल लें। इसके बाद इसे मिक्सी में निकालें और सिर्फ 1-2 चम्मच पानी डालकर एकदम बारीक और गाढ़ा पेस्ट पीस लें। इस बात का ध्यान रखें कि बैटर में दाल का कोई भी दाना नहीं बचना चाहिए।
- अब आप पिसी हुई दाल को एक बड़ी परात या बर्तन में निकालें। अब अपने हाथों की मदद से इसको एक ही डायरेक्शन में 8 से 10 मिनट तक अच्छी तरह से फेंटें। जब फेंटते-फेंटते दाल का रंग हल्का हो जाए, तो यह मक्खन की तरह फूली दिखाई देगी। इसी स्टेज पर इसमें फूड कलर और कॉर्नफ्लोर मिला लें।
- बैटर परफेक्ट हुआ है या नहीं, इसको चेक करने के लिए एक कटोरी में पानी लें। इसमें थोड़ा-सा बैटर टपकाएं। यदि बैटर पानी के ऊपर तेरने लगे, तो समझ जाइए कि आपकी इमरती एकदम लाइट और रसीली बनेंगी।
- इसके बाद पैन में 2 कप चीनी और 1 कप पानी डालकर उबलने के लिए रख दें। अब इसमें इलायची पाउडर और एक चुटकी फूड कलर डालें। इसे तब तक पकाएं जब तक कि यह एक तार की चाशनी न बन जाए। चाशनी बन जाने के बाद गैस बंद कर दें।
- इमरती बनाने के लिए आप मार्केट में मिलने वाले पाइपिंग बैंग, सॉस की बोतल या फिर किसी सूती कपड़े में छोटा-सा छेद करके इस्तेमाल कर सकते हैं। फिर इस बैटर को इस बैग में भरें। इसके बाद चपटी कड़ाही में घी या तेल मीडियम आंच पर गर्म करें। अब आंच को धीमा करें और पहले बीच में दो छोटे राउंड बना लें, फिर उसके चारों तरफ छोटे-छोटे बनाते हुए इमारती का आकार दें।
- आप इमरती को लो मीडियम फ्लेम पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। जैसे ही इमरती कड़क हो जाए, तो इसे तेल से निकालें और तुरंत गुनगुनी चाशनी में डाल दें। इस बात का ध्यान रखें कि इमरती को सिर्फ 2 से 3 मिनट तक ही डूबा रहने दें, जिससे रस आसानी सोख जाए, फिर इसे प्लेट में निकालकर रख दें।
- तैयार है आपकी गरमा-गरम, रसीली और कुरकुरी हलवाई स्टाइल इमरती। इसको आप रबड़ी के साथ भी सर्व कर सकते हैं।