हाल ही में अपनी नई हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत बंगला के प्रमोशन के दौरान अक्षय कुमार ने एक ऐसी खबर दी है, जिससे उनके प्रशंसक थोड़े निराश हो सकते हैं। सुपरस्टार ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि उनकी बहुचर्चित फिल्म गोरखा अब ठंडे बस्ते में चली गई है और इसका निर्माण नहीं होगा।
5 साल पहले हुआ था फिल्म का ऐलान
साल 2021 में अक्षय कुमार ने बड़े धूमधाम से फिल्म गोरखा की घोषणा की थी। उस समय फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर्स भी जारी किए गए थे, जिसमें अक्षय भारतीय सेना की गोरखा बटालियन के एक जांबाज फौजी के रूप में नजर आ रहे थे। इन पोस्टर्स को देखकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह था। इस फिल्म का निर्देशन संजय पूरण सिंह चौहान करने वाले थे और इसके निर्माण की जिम्मेदारी आनंद एल राय के पास थी।
लाइव सेशन में दी जानकारी
भूत बंगला के प्रमोशन के सिलसिले में अक्षय कुमार ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक लाइव सेशन किया। इस बातचीत के दौरान जब फैंस ने गोरखा के बारे में पूछा, तो अक्षय ने साफ कर दिया कि यह फिल्म अब नहीं बन रही है। इस खुलासे के साथ ही फिल्म के भविष्य को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लग गया है।
आज से भूत बंगला का जलवा
भले ही गोरखा बंद हो गई हो, लेकिन अक्षय कुमार के फैंस के लिए आज का दिन बेहद खास है। पूरे 14 साल बाद अक्षय अपने पसंदीदा निर्देशक प्रियदर्शन के साथ फिल्म भूत बंगला के जरिए वापसी कर रहे हैं। 16 अप्रैल यानी आज से ही सिनेमाघरों में इस फिल्म के पेड प्रीव्यू शुरू हो गए हैं। इस फिल्म को अक्षय कुमार की बड़ी वापसी के तौर पर देखा जा रहा है।