मशहूर फिल्म डायरेक्टर इम्तियाज अली की बेटी इदा अली ने सगाई कर ली है। उनके बॉयफ्रेंड कृष अग्रवाल ने नॉर्वे के एक खूबसूरत बीच यट्रेसैंड पर उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया। सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें इदा अपनी सगाई की अंगूठी दिखाती हुई बेहद खुश नजर आ रही हैं। इदा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी इस खास पल की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जो इंटरनेट पर छा गई हैं।
सितारों ने दी बधाईयां, 1 जुलाई को हुआ प्रपोज
इस प्यारे वीडियो में इदा अपनी बड़ी सी डायमंड रिंग फ्लॉन्ट करती हुई खुशी से चीखती दिख रही हैं और उनके साथ कृष अग्रवाल भी बेहद खुश नजर आ रहे हैं। इदा की पोस्ट के अनुसार, कृष ने उन्हें 1 जुलाई 2026 को रात 11 बजे प्रपोज किया था। इदा ने तस्वीरों में दिखाया कि कैसे कृष घुटने पर बैठकर उन्हें प्रपोज कर रहे हैं। इस खास मौके पर शरवरी वाघ, वेदांग रैना, आलिया कश्यप, खुशी कपूर और ओरी जैसे कई बड़े सितारों ने इदा को बधाई दी।
पिता के नक्शेकदम पर चल रही हैं इदा
आपको बता दें कि इदा अली भी अपने पिता इम्तियाज अली की तरह फिल्म मेकिंग, डायरेक्शन और राइटिंग में अपना करियर बना रही हैं। उन्होंने महज 16 साल की उम्र में 'लिफ्ट' नाम की एक शॉर्ट फिल्म लिखी और डायरेक्ट की थी। इसके बाद साल 2018 में आई शॉर्ट फिल्म 'माया' का डायरेक्शन भी इदा अली ने ही किया था।