जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के सांसद केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार का समर्थन नहीं करेंगे। हम आपको बता दें कि लोकसभा में नेशनल कॉन्फ्रेंस के दो और राज्यसभा में तीन सदस्य हैं। तृणमूल कांग्रेस के 22 और शिवसेना यूबीटी के छह सांसदों द्वारा केंद्र सरकार का समर्थन किए जाने की खबरों पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में अब्दुल्ला ने कहा कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं, इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं कर सकते। उमर अब्दुल्ला ने बांदीपुरा में पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘इस सवाल का जवाब न तो मैं दे सकता हूं और न ही आप।''
अब्दुल्ला ने बांदीपुरा में पत्रकारों से बातचीत में कहा, ''मैं कैसे कह सकता हूं कि द्रमुक या शिवसेना के सांसद क्या करेंगे? यह उन पर निर्भर करता है। यह उनकी अंतरात्मा पर निर्भर करता है। उनकी अंतरात्मा उन्हें जहां तक ले जाएगी, वे वहां तक जाएंगे।’’ अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘जहां तक नेकां के सांसदों का सवाल है, हम भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार का कभी समर्थन नहीं करेंगे।’’
हम आपको यह भी बता दें कि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज गांदरबल स्थित खीर भवानी मंदिर में पूजा-अर्चना की। बाद में मीडिया से बातचीत में उमर अब्दुल्ला ने कहा, "22 जून को खीर भवानी मेले का शुभ अवसर है। दुनिया भर से लोग देवी के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने के लिए यहां इकट्ठा होंगे। यहां का विधायक होने के नाते, मैं यह देखने आया हूं कि व्यवस्थाएं कैसी हैं, क्या तैयारियां की जा रही हैं और क्या काम बाकी है। यहां के पुजारियों से बात करने के बाद मुझे पता चला है कि 2-3 चीजों की ज़रूरत है। हम 22 जून से पहले इन कामों को पूरा करने की कोशिश करेंगे।"