दिल्ली की आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। दिल्ली सरकार इस साल रक्षाबंधन के पावन पर्व पर महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए 'महिला समृद्धि योजना' की शुरुआत करने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जाएगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस योजना को औपचारिक रूप से 28 अगस्त को लॉन्च किया जा सकता है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस योजना का अनावरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। इस पहल को राष्ट्रीय राजधानी में महिला कल्याण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
20 से 22 लाख महिलाओं को होगा फायदा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि सरकार आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के लिए इस योजना को शुरू करने की तैयारी कर रही है। 'महिला समृद्धि योजना' के तहत, पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में मासिक सहायता राशि 'डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर' (DBT) के जरिए भेजी जाएगी।
दिल्ली सरकार ने इस योजना के लिए जरूरी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल तैयार है और पात्रता के नियम भी तय कर लिए गए हैं। इस योजना के लिए 2026-27 में 5,110 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया था। दिल्ली में लगभग 20 से 22 लाख महिलाओं को इस योजना से लाभ मिलेगा।
'महिला समृद्धि योजना' के लिए कौन पात्र होगा?
सूत्रों के अनुसार, यह योजना उन महिलाओं के लिए उपलब्ध होगी जो निम्नलिखित मानदंडों को पूरा करती हैं:
उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच हो
परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से 3 लाख रुपये के बीच हो
दिल्ली की निवासी होनी चाहिए
राशन कार्ड रखने वाली महिलाओं को प्राथमिकता दी जा सकती है
हालांकि, कुछ श्रेणियों की महिलाएं इस योजना के तहत पात्र नहीं होंगी। इनमें शामिल हैं:
सरकारी नौकरी में कार्यरत महिलाएं
इनकम टैक्स देने वाली महिलाएं
सरकारी पेंशन पाने वाली महिलाएं
जिन महिलाओं के पास कार है
आवेदन कैसे करें
'महिला समृद्धि योजना' के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। इस योजना के तहत आवेदन करने वाली महिलाओं को निम्नलिखित जानकारी देनी होगी:
आधार कार्ड
नाम और जन्म तिथि
लिंग
पिता या माता का नाम
वैवाहिक स्थिति
मोबाइल नंबर
ईमेल आईडी
दिल्ली में रहने की अवधि
आधार से जुड़े बैंक खाते का विवरण
स्व-घोषणा पत्र