देश में फिटनेस और स्वास्थ्य सेवाओं का कारोबार लगातार बढ़ रहा है और इसी बीच इस क्षेत्र की प्रमुख कंपनी कल्ट.फिट ने शेयर बाजार में उतरने की तैयारी तेज कर दी है। कंपनी ने अपने प्रस्तावित आईपीओ के लिए सेबी के पास शुरुआती दस्तावेज दाखिल कर दिए हैं। मौजूद जानकारी के अनुसार कंपनी इस सार्वजनिक निर्गम के जरिए नई पूंजी जुटाने के साथ-साथ मौजूदा निवेशकों को भी अपनी हिस्सेदारी बेचने का अवसर देगी।
बता दें कि कंपनी के प्रस्तावित आईपीओ में 950 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा लगभग 17.86 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल के माध्यम से की जाएगी। इस प्रक्रिया में कंपनी को नहीं बल्कि शेयर बेचने वाले निवेशकों को पैसे मिलेगें।
दस्तावेजों के अनुसार, कंपनी आईपीओ से पहले 190 करोड़ रुपये तक का प्री-आईपीओ निवेश भी जुटा सकती है। यदि ऐसा होता है तो नए शेयरों के निर्गम का आकार उसी अनुपात में कम कर दिया जाएगा। अंतिम आईपीओ का आकार मूल्य दायरा तय होने के बाद स्पष्ट होगा।
गौरतलब है कि ऑफर फॉर सेल में सबसे बड़ी हिस्सेदारी बेचने वाली निवेशक मैकरिची इन्वेस्टमेंट्स होगी। इसके अलावा फिटनेस फर्स्ट लक्जमबर्ग, आईडीजी वेंचर्स इंडिया, टाटा डिजिटल, चिराटे ट्रस्ट, एक्सेल, कलारी कैपिटल, श्रोडर्स कैपिटल तथा कंपनी के सह-संस्थापक मुकेश बंसल भी अपने कुछ शेयर बेचेंगे।
कंपनी ने बताया है कि जुटाई गई राशि का बड़ा हिस्सा मौजूदा फिटनेस केंद्रों के पट्टे और किराये के भुगतान पर खर्च किया जाएगा। इसके लिए लगभग 217.50 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं करीब 120 करोड़ रुपये ऋण चुकाने या पहले भुगतान करने में लगाए जाएंगे। इसके अलावा 75 करोड़ रुपये ब्रांड प्रचार, मार्केटिंग और कारोबार को मजबूत करने पर खर्च किए जाएंगे। शेष राशि सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए उपयोग की जाएगी।
आईपीओ प्रक्रिया से पहले कंपनी ने अपने निदेशक मंडल को भी मजबूत किया है। कंपनी ने कल्पना मोरपारिया, अरुण एम. कुमार, इंदु भूषण और प्रज्ञा मिश्रा को स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है। माना जा रहा है कि यह कदम सेबी के कॉरपोरेट गवर्नेंस मानकों को पूरा करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
बता दें कि वर्ष 2016 में मुकेश बंसल और अंकित नागोरी ने कल्ट.फिट की स्थापना की थी। शुरुआत में कंपनी ने फिटनेस केंद्रों पर ध्यान दिया, लेकिन बाद में खेल सामग्री और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी विस्तार किया। आज कंपनी देशभर में 700 से अधिक फिटनेस केंद्र संचालित कर रही है और लाखों ग्राहक इसकी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।
मौजूद जानकारी के अनुसार कंपनी ने अब तक 16 चरणों में 71.4 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक का निवेश जुटाया है। मार्च 2026 में हुए निवेश दौर के बाद कंपनी का मूल्यांकन करीब 12,600 करोड़ रुपये आंका गया था। कंपनी के प्रमुख निवेशकों में टाटा डिजिटल, टेमासेक, एक्सेल, कलारी कैपिटल, चिराटे वेंचर्स और जोमैटो शामिल हैं।
वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का कुल राजस्व 1,720 करोड़ रुपये रहा, जबकि शुद्ध घाटा घटकर 252 करोड़ रुपये रह गया। यह पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 48 प्रतिशत कम है। विश्लेषकों का मानना है कि घाटे में कमी और कारोबार के विस्तार की रणनीति कंपनी के लिए निवेशकों का भरोसा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।