अगर आप किसी से बहुत प्यार करते हैं और अपने पार्टनर से शादी करना चाहते हैं, लेकिन हालात आपके फेवर में नहीं हैं, तो यह फरवरी का महीना आपके लिए वरदान साबित हो सकता है। लेकिन कैसे? दरअसल, वैलेंटाइन डे के ठीक अगले दिन महाशिवरात्रि है और अगर आपको नहीं पता है, तो मैं आपको बता दूं कि इस शुभ दिन पर कुछ खास चीजें करने से आप और आपके पार्टनर की शादी हो सकती है।
महाशिवरात्रि पर शादी के योग क्यों बनते हैं?
महाशिवरात्रि का दिन शिव-पार्वती के पवित्र विवाह का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में अगर आप अपने पार्टनर से शादी करना चाहते हैं और रास्ते में रुकावटें आ रही हैं, तो इस दिन कुछ खास उपाय आपकी मुश्किलों को आसान बना सकते हैं।
माता पार्वती के सिंदूर से खुलेगा रास्ता
महाशिवरात्रि के दिन सुबह स्नान के बाद किसी शिव मंदिर जाएं और वहां माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा करें। पूजा के बाद माता के चरणों या उनकी मांग से थोड़ा सा सिंदूर श्रद्धा भाव से मांग लें। अगर कोई अविवाहित कन्या इस सिंदूर को नियमित रूप से अपने माथे पर लगाती है, तो विवाह के योग जल्दी बनने लगते हैं और मनचाहे व सुयोग्य जीवनसाथी की प्राप्ति होती है।
शिव को अर्पित बेलपत्र दूर करेगा बाधाएं
मंदिर में महादेव को चढ़ाए गए बेलपत्रों में से एक साबुत और अखंडित बेलपत्र प्रसाद के रूप में जरूर घर ले आएं। इस बेलपत्र को आप अपने घर के मंदिर या अलमारी में रख सकते हैं। माना जाता है कि बेलपत्र शिव-शक्ति के मिलन का प्रतीक होता है, जो जीवन से नकारात्मकता दूर करता है और विवाह जैसे शुभ कार्यों के रास्ते खोलता है।
माता पार्वती को चढ़ाई चूड़ियों से बनेंगे शादी के योग
अगर आप चाहें तो महाशिवरात्रि के दिन माता पार्वती को चूड़ियां भी अर्पित कर सकती हैं। चूड़ियों को सुहाग का प्रतीक माना जाता है, इसलिए माता को चढ़ाई गई लाल या हरे रंग की चूड़ियां पंडित जी से प्रसाद के रूप में लेकर पहनें। ऐसा माना जाता है कि इससे माता पार्वती की विशेष कृपा मिलती है और शादी में आ रही रुकावटें दूर होती हैं।
श्रद्धा से किए ये उपाय बदल सकते हैं किस्मत
कुल मिलाकर, महाशिवरात्रि का यह पावन दिन प्यार को शादी तक पहुंचाने का एक सुनहरा अवसर बन सकता है। अगर आप पूरे विश्वास और साफ मन से ये छोटे-छोटे उपाय करते हैं, तो न सिर्फ विवाह में आ रही देरी खत्म होती है, बल्कि आने वाला दांपत्य जीवन भी सुखी और समृद्ध बनता है। बेहतर परिणाम के लिए आप इन उपायों को शुभ मुहूर्त में जरूर करें।