ऑफिस सिर्फ काम करने की जगह नहीं होता, यहां रोज़ मिलना-जुलना, बातचीत और साथ में समय बिताना कई बार रिश्तों को थोड़ा पर्सनल बना देता है। ऐसे में अगर आपकी किसी महिला सहकर्मी को आपसे प्यार हो जाए, लेकिन आप वैसा फील नहीं करते, तो ये स्थिति खराब हो सकती है। इसे समझदारी से हैंडल करना जरूरी है, ताकि किसी की भावनाएं आहत ना हों और आपका प्रोफेशनल माहौल भी बना रहे।
साफ लेकिन सम्मानजनक तरीके से बात करें
अगर आपको महसूस हो गया है कि आपकी सहकर्मी आपको पसंद करने लगी है, तो इस बात को नजरअंदाज करना सही तरीका नहीं है। इससे सामने वाले की उम्मीदें बढ़ सकती हैं, जो आगे चलकर और मुश्किलें पैदा कर सकती हैं। बेहतर होगा कि आप सही समय देखकर आराम और इज्जत से अपनी बात रखें। साफ शब्दों में बताएं कि आप उन्हें उस नजर से नहीं देखते। ध्यान रखें कि आपकी बात सच्ची हो, लेकिन तरीका नरम और सम्मानजनक होना चाहिए।
मिक्स्ड सिग्नल देने से बचें
कई बार हम बिना जाने ऐसा व्यवहार कर देते हैं, जिससे सामने वाले को लगता है कि शायद आप भी उनमें दिलचस्पी हैं। जैसे बार-बार पर्सनल बातें करना, जरूरत से ज्यादा ध्यान देना या एक्स्ट्रा केयर दिखाना। अगर आपको दिलचस्पी नहीं हैं, तो अपने व्यवहार में को थोड़ा प्रोफेशनल रखें। अस्पष्ट संकेत सामने वाले को कंफ्यूज करते हैं और स्थिति को अजीब बना सकते हैं।
सीमाएं तय करना जरूरी है
ऑफिस एक प्रोफेशनल जगह है, इसलिए यहां सीमाएं बनाए रखना बहुत जरूरी है। बिना बात की बातचीत से बचें, अकेले ज्यादा समय बिताने से दूरी रखें और बातचीत को काम तक सीमित रखें। इससे आप स्थिति को कंट्रोल में रख पाएंगे और सामने वाले को भी धीरे-धीरे समझ आ जाएगा कि आप सिर्फ प्रोफेशनल रिश्ता रखना चाहते हैं।
आखिर में एक जरूरी बात
किसी की फीलिंग्स को समझना और उसका सम्मान करना जरूरी है, लेकिन अपनी फीलिंग्स के खिलाफ जाकर कुछ करना सही नहीं है। साफ, सम्मानजनक और मच्योर अप्रोच ही इस स्थिति को बिना किसी ड्रामा के संभालने का सबसे बेहतर तरीका है।