हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान जैकी भगनानी और रकुल प्रीत सिंह ने अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की। जैकी ने बताया कि वे और रकुल अपनी खुशियों के लिए एक-दूसरे पर निर्भर नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'हम अब 20-21 साल के नहीं रहे, हमने जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। मैं खुद में एक खुशमिजाज इंसान हूं। मैं किसी ऐसे साथी की तलाश में नहीं था जो मेरी जिंदगी का खालीपन भरे, क्योंकि अगर मैं खुद उदास हूं, तो कोई और मुझे खुश नहीं कर सकता। हम दोनों खुद में खुश हैं और साथ होने पर हम और भी ज्यादा खुश रहते हैं।'
रकुल ने भी इस बात का समर्थन करते हुए कहा, 'हम एक-दूसरे का खालीपन नहीं भरते। अगर मुझे छुट्टी पर जाना है, तो मैं अकेले भी जा सकती हूँ। मुझे लगता है कि जीवन में साथ होने का मतलब एक-दूसरे पर निर्भर रहना नहीं है।'
क्यों कहते हैं इसे सिचुएशनशिप?
भले ही रकुल और जैकी शादी के बंधन में बंध चुके हैं, लेकिन जैकी इसे एक 'सिचुएशनशिप' कहना पसंद करते हैं। इसके पीछे का कारण बताते हुए उन्होंने कहा, 'रकुल और मैंने शादी की है, जिसका मतलब है कि हम एक-दूसरे के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। लेकिन इस रिश्ते की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि मैं उससे किसी भी चीज के बारे में बात कर सकता हूं और हमारे बीच एक गहरी दोस्ती है।'
जैकी ने बताया कि उनके रिश्ते में पारदर्शिता बहुत अहम है। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा, 'अगर रकुल के सामने मेरी किसी पुरानी गर्लफ्रेंड का फोन आता है, तो मैं बिना किसी झिझक के उसे स्पीकर पर उठाता हूं। मैं अपनी पत्नी से कुछ भी नहीं छिपाता, और इसी पारदर्शिता के कारण हमें कभी कोई घुटन महसूस नहीं होती।'
रकुल और जैकी की शादी के बारे में
रकुल प्रीत सिंह और जैकी भगनानी ने 21 फरवरी 2024 को गोवा के आईटीसी ग्रैंड साउथ गोवा होटल में शादी की थी। तीन साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद इस जोड़े ने बेहद खूबसूरत डेस्टिनेशन वेडिंग की। उनकी शादी में दो अलग-अलग रस्में निभाई गई थीं, दोपहर में 'आनंद कारज' और शाम को सिंधी रीति-रिवाजों से शादी हुई थी। इस निजी समारोह में केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे।