आज ही के दिन यानी की 20 मई को क्रिस्टोफर कोलंबस का निधन हो गया था। क्रिस्टोफर कोलंबस ने अमेरिका की खोज की थी। वह अक्तूबर 1492 में समुद्र के रास्ते होते हुए अमेरिका पहुंचे थे। लेकिन कोलंबस के जन्म स्थान को लेकर विवाद रहा है। कई लोगों का मानना है कि कोलंबर पुर्तगाली थे। तो आइए जानते हैं उनकी डेथ एनिवर्सरी के मौके पर क्रिस्टोफर कोलंबस के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में...
जन्म और परिवार
क्रिस्टोफर कोलंबस का जन्म 1451 में हुआ था। कोलंबस के पिता एक जुलाहे थे, इस कारण उनको बचपन से ही समुद्री यात्राओं का शौक हो गया था। वहीं बड़े होने के बाद वह अपने पिता के काम में हाथ बंटाने लगे। उस दौरान भारत और एशिया से सुदूर यूरोप तक खूब व्यापार होता था।
अमेरिका की खोज
वहीं 1492 में स्पेन से क्रिस्टोफर कोलंबस पूर्वी एशिया यानी भारत, चीन और जापान तक पहुंचने का आसान रास्ता खोजने के लिए जलमार्ग से रवाना हुए थे। लेकिन वह पश्चिम दिशा में यात्रा करते-करते पश्चिमी द्वीप समूह में पहुंच गए। लंबे समय तक अटलांटिक महासागर में नौकायन करने के बाद 1492 में कोलंबस ने एक नई दुनिया अमेरिका की खोज की। इससे पहले दुनिया में अमेरिका की कोई खास पहचान नहीं थी।
बता दें कि अपने जीवनकाल के दौरान कोलंबस ने 'नई दुनिया' के लिए 4 अभियानों का नेतृत्व किया था। जिनमें विभिन्न कैरिबियाई द्वीपों, दक्षिण और मध्य अमेरिकी मुख्य भूमि और मैक्सिको की खाड़ी की खोज की। लेकिन कोलंबस अपने मूल लक्ष्य एशिया के महान शहरों के लिए पश्चिमी महासागर मार्ग को पूरा नहीं कर सके।
मृत्यु
जीवन के आखिरी वर्षों में कोलंबस को राजनीतिक और प्रशासनिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। वहीं खराब सेहत के कारण 20 मई 1506 को स्पेन के वलाडोलिड में क्रिस्टोफर कोलंबस का निधन हो गया था।